नारायण चंदेल ने जे.पी. नड्डा व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की मुलाकात, पारंपरिक भेंट से जताया सम्मान

जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कोसा का साल एवं कासा का पचहर भेंट कर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान पारंपरिक भेंट के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान किया गया।
जांजगीर प्रवास की पुरानी यादें साझा कर भावुक हुए जे.पी. नड्डा
मुलाकात के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने अपने जांजगीर प्रवास के पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि वे पूर्व में जांजगीर आ चुके हैं और नगर के बाहर स्थित रेस्ट हाउस में ठहरे थे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्मरण किया कि उस समय वे जांजगीर–नैला रेलवे स्टेशन के समीप स्थित अपने पुराने साथी नारायण चंदेल के जनसंपर्क कार्यालय में चाय पर चर्चा कर चुके हैं।
जे.पी. नड्डा द्वारा जांजगीर से जुड़े संस्मरण साझा किए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। आम नागरिकों ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष की सादगी, स्मरण शक्ति और पुराने साथियों से जुड़े भावनात्मक संबंधों की प्रशंसा की।
इस अवसर को भाजपा नेताओं के बीच आपसी विश्वास, संगठनात्मक एकजुटता और छत्तीसगढ़ से जुड़े आत्मीय रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है।




