Chhattisgarh

नशीले इंजेक्शन के सौदागरों पर आबकारी उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई, 6 लाख के इंजेक्शन जब्त

अंबिकापुर। नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार के खिलाफ संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम रात्रि गश्त पर थी।

गश्त के दौरान सांडबार वन देवी मंदिर मार्ग पर सड़क के नीचे एक संदिग्ध काली स्कॉर्पियो खड़ी दिखाई दी। टीम के रुकते ही वाहन से एक व्यक्ति उतरकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया, जबकि स्कॉर्पियो में बैठे दूसरे व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम राम बिहारी कुर्रे, निवासी बंधा, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद काले रंग के पिट्ठू बैग से REXOGESIC इंजेक्शन के 300 नग और AVIL इंजेक्शन के 300 नग, कुल 600 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये आंकी गई है।

आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (C) के तहत गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश (नारकोटिक्स) अंबिकापुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जनवरी 2026 में नशीले इंजेक्शनों के विरुद्ध उड़नदस्ता टीम की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है।

इस संबंध में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि नशीले इंजेक्शनों के खिलाफ विभाग ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। नशे के सौदागरों पर किसी भी प्रकार की दया नहीं बरती जाएगी। हमारा उद्देश्य सरगुजा संभाग को नशीले इंजेक्शन, कफ सिरप, टैबलेट और गांजा जैसे नशीले पदार्थों से मुक्त कराना है। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार चेतावनी देने के बावजूद कुछ लोग इस अवैध कारोबार में लिप्त हैं, जिसका खामियाजा अंततः उनके परिवारों को भुगतना पड़ता है।

Related Articles

Back to top button