Chhattisgarh

नवप्रवेशी बच्चों का हुआ भव्य स्वागत, वितरित किए गए स्कूल बैग और पाठ्यसामग्री

जांजगीर। नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर स्थानीय मिशन प्राथमिक शाला जांजगीर में नवप्रवेशी बच्चों के स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहली कक्षा में प्रवेश लेने वाले बच्चों का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और स्कूल बैग वितरित किए गए।

विद्यालय परिसर में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान बच्चों को नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी गईं। नया स्कूल बैग और रंग-बिरंगी किताबें पाकर नन्हें विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना और विद्यालय के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना रहा।

इस अवसर पर शाला विकास प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अजीत गढ़वाल ने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना विद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है और ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को विद्यालय से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधान पाठक एस. जे. राठौर, शिक्षक बसंत तंबोली, पी. एस. क्षत्रिय, नीरज नील लारेंस सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। वहीं वार्ड के नागरिक शुभम खरे (गोलू) और अमन गढ़वाल सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

विद्यालय परिवार ने सभी नवप्रवेशी बच्चों को नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button