नगर पालिका सामान्य सभा: दीपका नगर पालिका का ₹69.15 करोड़ का बजट ध्वनि मत से पारित

विकास कार्यों पर ₹56.58 करोड़ होंगे खर्च, सभी वार्डों में बिना भेदभाव विकास का भरोसा; कर्मचारियों के वेतन, बिजली बिल और जनसुविधाओं के लिए भी विशेष प्रावधान
कोरबा, 25 जून। नगर पालिका परिषद दीपका की सामान्य सभा की बैठक गुरुवार को नगर पालिका सभागार में आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 का ₹69 करोड़ 15 लाख 27 हजार का वार्षिक बजट प्रस्तुत किया गया, जिसे सदन ने बहुमत के आधार पर ध्वनि मत से पारित कर दिया। बजट पारित होने के साथ ही नगर में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
बजट में कुल ₹69.15 करोड़ की अनुमानित आय का प्रावधान किया गया है, जबकि ₹56 करोड़ 58 लाख 90 हजार विभिन्न विकास एवं प्रशासनिक कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। इस राशि से नगर के सभी वार्डों में सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा नगर पालिका कर्मचारियों के वेतन, बिजली बिल के भुगतान और अन्य आवश्यक जनहित कार्यों के लिए भी पर्याप्त राशि निर्धारित की गई है।
बैठक में इंजीनियर नारायण आदित्य, निर्माण शाखा प्रभारी अनीश मोहम्मद एवं लेखाधिकारी मुकेश दुबे ने अपने-अपने विभागों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। बजट पर चर्चा के बाद सदन ने ध्वनि मत से इसे मंजूरी दे दी।
नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत ने कहा कि परिषद का उद्देश्य दीपका का संतुलित एवं योजनाबद्ध विकास करना है। उन्होंने कहा कि नगर के सभी वार्डों में बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के विकास कार्य कराए जाएंगे तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम रत्नेश, उपाध्यक्ष संगीता साहू, वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी ‘दादाभाई’ सहित पार्षद संतोष निराला, हिमांशु देवांगन, अविनाश सिंह, सुजीत सिंह, सुनीता जायसवाल, ज्योति तिवारी, धीरेंद्र तिवारी, शांति राजपूत, सविता कंवर, सुमनलता गिलहरे एवं सुखसागर साहू उपस्थित रहे।





