धान खरीदी सीजन में किसानों को सतर्क रहने जांजगीर-चांपा पुलिस की अपील

जांजगीर-चांपा। जिले में धान खरीदी प्रक्रिया शुरू होते ही पुलिस प्रशासन सतर्क मोड में आ गया है। किसानों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि धान खरीदी का यह समय वह अवधि होती है जब किसानों की सालभर की मेहनत का पैसा उनके खाते में जमा होता है, और इसी दौरान उठाईगिरोह व साइबर ठग सबसे ज्यादा सक्रिय रहते हैं। ऐसे में किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
एसपी पाण्डेय ने बताया कि उठाए गिरोह ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कापू, कंडराजा और पत्थलगांव क्षेत्र से आकर आसपास के जिलों में सक्रिय रहते हैं। ये गैंग किसानों एवं ग्राहकों का ध्यान भटकाकर चोरी करने में माहिर होते हैं। बैंक में फॉर्म भरने के दौरान ध्यान हटाना, सड़क पर मोटरसाइकिल की सीट पर गंदगी डालकर व्यक्ति को व्यस्त करना और उसी दौरान बैग चोरी करना, या वाहन की डिक्की खोलकर पैसा पार कर देना—ये इनके आम तरीके हैं।
उन्होंने किसानों से अपील की कि बैंक में लेन-देन करते समय हमेशा एक साथी को साथ रखें, फॉर्म खुद भरें या केवल अधिकृत बैंककर्मी से ही भरवाएं। पैसा निकालने के तुरंत बाद सीधे घर लौटें और रास्ते में अनावश्यक रूप से रुकने से बचें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति पीछा करता दिखे या कोई अनजान व्यक्ति रोकने की कोशिश करे, तो तत्काल 112 पर सूचना दें।
पुलिस अधीक्षक ने ऑनलाइन ठगी को लेकर भी किसानों को सतर्क किया है। उन्होंने कहा कि इस समय साइबर अपराधी ओटीपी पूछकर, पैन कार्ड अपडेट के नाम पर, बैंक खाते में समस्या बताकर या वॉइस क्लोनिंग के जरिए परिचित की आवाज में पैसे मांगकर ठगी करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी बैंक कभी भी फोन पर ओटीपी, कार्ड नंबर, CVV, एक्सपायरी डेट जैसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता है। यदि किसी परिचित की आवाज में पैसों की मांग आए तो तुरंत स्वयं कॉल करके सत्यापन करना जरूरी है।
एसपी पाण्डेय ने कहा कि किसानों की मेहनत की कमाई बेहद कीमती है और उसकी सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। पुलिस प्रशासन किसानों की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर सजग है, लेकिन सतर्क रहना किसानों की भी जिम्मेदारी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत 112 या निकटतम थाने में देने की अपील की गई है।
उन्होंने किसानों से कहा, “आपकी मेहनत की कमाई बहुत कीमती है। हमारी जिम्मेदारी है कि आप सुरक्षित रहें, लेकिन सतर्क रहना आपकी भी जिम्मेदारी है।”




