Chhattisgarh

धरसींवा में होली मिलन समारोह: विधायक अनुज शर्मा के आयोजन में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नगाड़े की थाप पर जमकर झूमे

रायपुर, 03 मार्च । धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होली मिलन समारोह में उत्साह, उमंग और छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने नगाड़े की थाप पर स्वयं वादन कर उपस्थित जनसमूह का उत्साह दोगुना कर दिया।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण वह रहा जब मुख्यमंत्री साय पारंपरिक नगाड़ा बजाने से स्वयं को रोक नहीं पाए। उनके साथ फाग गीतों की धुन पर मौजूद लोग भी झूम उठे और पूरा परिसर फागुनी रंग में सराबोर हो गया। लोक कलाकारों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी फाग गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे आयोजन स्थल पर सांस्कृतिक उत्सव का माहौल बन गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उपस्थित लोगों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जैसे फागुन के रंग सबको जोड़ देते हैं, वैसे ही हम सभी को मिलकर छत्तीसगढ़ को खुशहाली के नए रंग में रंगना है। उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। प्रदेश की विविध जातियों, जनजातियों और समुदायों की एकता ही छत्तीसगढ़ की असली ताकत है। उन्होंने अपील की कि त्योहार को पर्यावरण के अनुकूल मनाया जाए, प्राकृतिक रंगों का उपयोग किया जाए और जल संरक्षण का संकल्प लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र पर आगे बढ़ रही है। किसानों की समृद्धि, महिलाओं के सम्मान और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है, ताकि विकास का गुलाल हर घर तक पहुंचे।

विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके सहज और मिलनसार स्वभाव ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि मन के भेदभाव मिटाकर एक-दूसरे को गले लगाने का अवसर है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विश्वास दिलाया कि वे विकास और खुशहाली के रंग भरने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

समारोह में शासन के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, मोना सेन, नवीन अग्रवाल, संदीप यदु सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों की मौजूदगी ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

पूरे आयोजन का नजारा ऐसा था मानो पूरा क्षेत्र एक परिवार के रूप में एकत्र हो गया हो। रंग, गुलाल, फाग गीत और नगाड़ों की गूंज के बीच होली मिलन समारोह ने सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button