धरसींवा क्षेत्र में भक्त गुहा निषाद राज जयंती पर विधायक अनुज शर्मा हुए शामिल, महतारी सदन का लोकार्पण और भूमिपूजन

धरसींवा। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक अनुज शर्मा आज क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित भक्त गुहा निषाद राज जयंती कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्राम तर्रा और गोढ़ी में निषाद समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता कर भगवान श्रीराम के अनन्य मित्र भक्त गुहा निषाद राज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
ग्रामों में विधायक के आगमन पर निषाद समाज के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने पारंपरिक बाजे-गाजे एवं फूल-मालाओं के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम गोढ़ी में महतारी सदन का विधिवत लोकार्पण किया, वहीं ग्राम तर्रा में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले महतारी सदन का भूमिपूजन भी किया। इन विकास कार्यों से क्षेत्र की महिलाओं को सुविधा मिलने के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि भक्त गुहा निषाद राज और प्रभु श्रीराम का संबंध प्रेम, सेवा और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण है, जो ऊंच-नीच और भेदभाव से परे है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और यह समाज आज भी मेहनत, सेवा और समर्पण के साथ छत्तीसगढ़ के विकास में अहम योगदान दे रहा है।
विधायक ने आगे कहा कि धरसींवा विधानसभा का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिस प्रकार भक्त गुहा निषाद राज ने सेवा भाव से प्रभु श्रीराम को नदी पार कराई थी, उसी भावना के साथ वे जनता की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए सतत प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने समाज से एकजुट रहने और भक्त गुहा निषाद राज के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सविता चंद्राकर, सरोज चंद्रवंशी, रुखमणि वर्मा, अशोक सिन्हा, शकुंतला ढिलेन्द्र सेन, दिनेश खुटे, प्रमोद निषाद, दयाशंकर निषाद, रामखिलावन लहरी, आशीष वर्मा, लल्लू राम निषाद, श्रवण निषाद, दीपक तिवारी, अनुपम वर्मा, अश्वनी वर्मा, हेमंत वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, निषाद समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।










