धमतरी में जुआरियों पर पुलिस की कार्रवाई, राठी गोदाम के पास काट-पत्ती खेलते 6 आरोपी गिरफ्तार; 55,650 रुपये नकद जब्त

धमतरी, 04 सितंबर। जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने जालमपुर स्थित राठी गोदाम के पास दबिश देकर काट-पत्ती जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 55,650 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश बरामद कर जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जालमपुर स्थित राठी गोदाम के सामने कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर काट-पत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से सकील अहमद (26), गोपाल साहू (32), दीपक कोसरिया (26), अजमद हुसैन (35), सुनील मेश्राम (26) और दुर्गेश्वर (35) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी धमतरी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 55,650 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश बरामद की। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 211/26 दर्ज कर धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




