धमतरी में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का दोहरा प्रहार, महिला समेत 2 आरोपी गिरफ्तार; 159 पौवा शराब जब्त
धमतरी, 05 सितम्बर 2026। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए धमतरी पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर सिटी कोतवाली और भखारा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 159 पौवा देशी शराब जब्त की है। जब्त शराब और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 13,760 रुपये बताई गई है।
सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नयापारा क्षेत्र के शीतला मंदिर गली में एक महिला घर के पीछे गली में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक आरक्षक को सादे कपड़ों में 200 रुपये देकर डमी ग्राहक बनाकर भेजा। शराब बिक्री की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम और महिला पुलिस बल ने मौके पर घेराबंदी कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान चित्ररेखा मानिकपुरी (38), पति मन्नूदास मानिकपुरी, निवासी गार्डन चौक गोकुलपुर वार्ड धमतरी, हाल मुकाम शीतला मंदिर गली नयापारा, महात्मा गांधी वार्ड के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 17 पौवा देशी प्लेन मदिरा, 32 पौवा देशी मसाला (रोमियो) मदिरा और एक पौवा टेस्ट परचेज शराब, कुल 49 पौवा यानी 8.82 बल्क लीटर शराब बरामद की गई। शराब की कीमत 4,640 रुपये, बिक्री रकम 400 रुपये और टेस्ट परचेज की 200 रुपये की राशि समेत कुल 4,960 रुपये का मशरूका जब्त किया गया। मामले में अपराध क्रमांक 212/2026 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
इसी तरह भखारा पुलिस को सूचना मिली कि देशी शराब भट्टी के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर बिक्री की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को अवैध शराब के साथ पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान प्रकाश साहू (45), पिता नारद राम साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 08 भखारा, थाना भखारा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 110 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 8,800 रुपये बताई गई है। मामले में अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में कार्रवाई की गई।
दोनों मामलों को मिलाकर धमतरी पुलिस ने कुल 159 पौवा देशी शराब, लगभग 28.6 बल्क लीटर, जब्त की है। जब्त शराब और अन्य रकम समेत कुल मशरूका करीब 13,760 रुपये का है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री, तस्करी, जुआ-सट्टा और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस ने निगरानी और चेकिंग को और अधिक सघन कर दिया है। पुलिस ने अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि ऐसे कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।




