Chhattisgarh

धमतरी पुलिस की अनूठी पहल: कंडेल के विद्यार्थियों को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक

धमतरी, 24 अक्टूबर। जिले में सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर धमतरी पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में SP भावना पांडेय के निर्देशन में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय कंडेल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में धमतरी पुलिस के यातायात प्रभारी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों से अवगत कराया। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और सड़क पर यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए सतर्कता और अनुशासन को जरूरी बताया।

साइबर सुरक्षा को लेकर भी विद्यार्थियों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, अनजान कॉल और साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

इसके अलावा कार्यक्रम में नशामुक्ति का संदेश देते हुए विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया गया। पुलिस ने छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

धमतरी पुलिस के अनुसार सामुदायिक पुलिसिंग के तहत इस तरह के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में सुरक्षा, अनुशासन तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। पुलिस का प्रयास है कि विद्यार्थी स्वयं जागरूक होने के साथ ही समाज में सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएं।

Related Articles

Back to top button