Chhattisgarh

दुर्ग से 50 पत्रकारों का जत्था जगन्नाथ पुरी तीर्थ यात्रा के लिए रवाना

दुर्ग। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ जिला इकाई दुर्ग के तत्वावधान में पत्रकारों के लिए आयोजित जगन्नाथ पुरी तीर्थ यात्रा के लिए 50 पत्रकार साथियों का जत्था दुर्ग से बस द्वारा रवाना हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और पत्रकार साथियों ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।

तीर्थ यात्रा के शुभारंभ अवसर पर सांसद विजय बघेल ने बस को हरी झंडी दिखाकर पत्रकारों के जत्थे को जगन्नाथ पुरी के लिए रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और जनहित के मुद्दों को सामने लाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों को इस धार्मिक यात्रा के लिए बधाई देते हुए सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की कामना की।

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने भी श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष सहित सभी पत्रकार साथियों को इस आध्यात्मिक यात्रा के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ के दर्शन का सौभाग्य मिलना अत्यंत पुण्य का कार्य है और यह यात्रा सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और नई प्रेरणा लेकर आएगी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने रायपुर से बस को हरी झंडी दिखाकर पत्रकारों के साथ अपनी खुशी साझा की। उन्होंने पत्रकार साथियों को मिठाई खिलाकर यात्रा की शुभकामनाएं दीं और कहा कि पत्रकारों के लिए इस तरह की धार्मिक और सांस्कृतिक यात्राएं आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करती हैं।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों में विशेष उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। सभी पत्रकार भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए उत्साहित नजर आए। यात्रा के दौरान श्रद्धालु पुरी स्थित विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

श्रमजीवी पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस तीर्थ यात्रा का उद्देश्य पत्रकार साथियों को आध्यात्मिक वातावरण से जोड़ना और आपसी एकता को मजबूत करना है। पत्रकारों के इस दल को शुभकामनाएं देने के लिए कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button