दीपका पालिका की आमसभा आज: शराब दुकान, नल-जल योजना, स्ट्रीट लाइट और जलभराव जैसे मुद्दों पर गरमाएगा सदन

राजू तिवारी,कोरबा/दीपका, 24 जून। नगर पालिका परिषद दीपका की आमसभा गुरुवार 25 जून को आयोजित होने जा रही है। बैठक में नगर विकास, पेयजल, सफाई, यातायात, अतिक्रमण और विभिन्न निर्माण कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। कई विषय ऐसे हैं जिन पर पार्षदों और प्रशासन के बीच तीखी बहस होने के आसार जताए जा रहे हैं।
बैठक का सबसे संवेदनशील मुद्दा नगर के भीतर संचालित शराब दुकान का विस्थापन माना जा रहा है। स्थानीय नागरिक लंबे समय से आबादी क्षेत्र से शराब दुकान हटाने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में दुकान को किस स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
नगर में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित किए जा रहे ऑडिटोरियम की प्रगति भी चर्चा का प्रमुख विषय रहेगी। नागरिकों के बीच यह सवाल बना हुआ है कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह ऑडिटोरियम आम जनता को कब तक समर्पित किया जाएगा।
पेयजल व्यवस्था को लेकर भी सदन में सवाल उठ सकते हैं। नगर में लगभग 64 लाख रुपये की लागत से पानी टंकी का निर्माण और घर-घर नल कनेक्शन दिए जाने के बावजूद कई क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। ऐसे में ‘नल है, पर जल नहीं’ का मुद्दा जोर-शोर से उठने की संभावना है।
स्ट्रीट लाइट पोल की खरीदी एवं स्थापना को लेकर भी भ्रष्टाचार के आरोप चर्चा में रह सकते हैं। निर्धारित मानकों के अनुरूप भारी क्षमता वाले पोल के स्थान पर कम वजन के पोल लगाए जाने के आरोपों की जांच की मांग उठ सकती है।
इसके अलावा ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव, कृष्णा नगर में जल निकासी की समस्या, कटघोरा रोड पर अतिक्रमण से लगने वाले जाम, मानसून पूर्व नालियों एवं सीवरेज की सफाई, मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग अभियान तथा नगर में बढ़ते बेजा कब्जों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
आमसभा में सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की स्थिति पर भी जानकारी मांगी जा सकती है। पार्षद यह जानना चाहेंगे कि अब तक कितने मामलों का समाधान हुआ है और कितने प्रकरण लंबित हैं।
नगर की विभिन्न मूलभूत समस्याओं से जुड़े इन मुद्दों को देखते हुए दीपका पालिका की यह आमसभा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है तथा नगरवासियों की नजरें बैठक के निर्णयों पर टिकी हुई हैं।





