Chhattisgarh

दिशा मैदान के लिए जंगल की ओर गए ग्रामीण को दंतैल ने उठाकर पटका, मौत

कोरबा। जिले में हाथी-मानव द्वंद्व के रोकथाम के लिए वन विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयास की पोल आज उस समय खुल गई जब कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र के जंगल में घूम रहे दंतैल हाथी ने एक ग्रामीण को अपनी सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना आज सुबह 5 बजे के लगभग फारेस्ट डिविजन कोरबा अंतर्गत करतला रेंज के बड़मार परिसर में घटित हुई।

बताया जाता है कि बड़मार गांव के निवासी जागेश्वर राठिया उम्र 53 वर्ष दिशा-मैदान के लिए डीएवी स्कूल के पास स्थित जंगल में गया था, तभी उसका सामना दंतैल हाथी से हो गया। दंतैल ने जागेश्वर को देखते ही उस पर हमला कर दिया। इससे पहले जागेश्वर वहां से भागने की कोशिश करता कि हाथी ने सूंड से जकड़ लिया और उसे उठाकर पटक दिया। इस घटना में उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

जंगल की ओर गए अन्य लोगों ने इस घटना को देखा और जागेश्वर के परिजनों को जानकारी दी। जिस पर उन्होंने वन विभाग को सूचित किया। मृतक जागेश्वर के परिजनों की सूचना पर रेंजर अक्ष पलक ऋषि, डिप्टी रेंजर पीतांबर कंवर व अन्य कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और पंचनामा की कार्यवाही करने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भिजवाया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मृतक के परिजनों को तत्कालिक सहायता राशि रुपए 25 हजार रुपए दे दी गई है। वहीं हाथी के क्षेत्र में मंडराने के कारण ग्रामीणों को सतर्क रहने कहा गया है।

खबरों के अनुसार यह दंतैल हाथी कुदमुरा क्षेत्र से पहुंचा है और काफी आक्रामक है। हाथी पहले चोरभ_ी-पंडरपानी में घूम रहा था, लेकिन बीती रात यह एकाएक बड़मार क्षेत्र में पहुंच गया, जिसकी भनक न तो ग्रामीणों को लगी और न ही वन विभाग को, फलस्वरूप ग्रामीण निश्चिंत थे और जंगल की ओर आना-जाना कर रहे थे। फलस्वरूप हाथी के हमले की घटना घटित हो गई और एक ग्रामीण की इसमें जान भी चली गई।

Related Articles

Back to top button