दिग्गी ने घर की दहलीज पर लिखा- नफरत छोड़ो-भारत जोड़ो: दीपावली पर पूर्व CM दिग्विजय सिंह के घर बनी भारत जोड़ो यात्रा की रंगोली

[ad_1]
भोपाल27 मिनट पहले
दीपावली का त्योहार बडे़ हर्ष उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। घर, द्वार को सजाकर रंगोली बनाई जा रहीं हैं। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भोपाल स्थित आवास पर बनी रंगोली खासी चर्चा में हैं। श्यामला हिल्स स्थित दिग्विजय सिंह के बंगले की दहलीज पर बनी रंगोली में लिखा है- नफरत छोड़ो-भारत जोड़ो। इस संदेश के साथ ही भारत जोड़ो यात्रा पर भी एक आकर्षक रंगोली बनाई गई है।
दिग्गी की अपील- हर घर की रंगोली में लिखें भारत को जोड़ने का संदेश
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर लिखा- दीपावली पर दीपों से, मोमबत्ती से या अपने घरों में रंगोली से “भारत जोड़ो- एकता व उन्नति” या केवल “भारत जोड़ो- मिले कदम, जुड़े वतन” का संदेश लिखें । मेरी सभी भाईयों और बहनों से प्रार्थना है कि वे #भारतजोड़ोयात्रा से जुड़ें। सभी मित्रों को दीपावली के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएँ। आपका यह वर्ष मंगलमय हो।

बंगले के द्वार पर बनी रंगोली को देखते पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह
भारत जोड़ो यात्रा के समन्वयक हैं दिग्विजय सिंह
कन्याकुमारी से कश्मीर तक करीब साढे़ तीन हजार किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा की मुख्य जिम्मेदारी दिग्विजय सिंह पर है। दिग्गी को राहुल गांधी की इस यात्रा का समन्वयक बनाया गया है। 150 दिन और 3,570 किमी चलने वाली इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ 119 यात्री हर रोज 7 घंटे पैदल चल रहे हैं। इस दौरान वे 25 से 28 किमी की दूरी तय करते हैं। यात्रियों में 32 महिलाएं भी हैं। इनमें मप्र से भी सात यात्री निरंतर पदयात्रा कर रहे हैं। सभी के रहने, खाने-पीने और आराम करने के इंतजाम भी साथ चलते हैं। यात्रा के लिए 50 हजार एप्लिकेशन आई थीं, इनमें से सिर्फ 119 को चुना गया। 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरकर भारत जोड़ो यात्रा जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में खत्म होगी। यात्रा का मैनेजमेंट दिग्विजय सिंह संभाल रहे हैं। हाल ही में दीवाली के चलते वे 21 अक्टूबर को भोपाल पहुंचे हैं। वे 25 अक्टूबर तक भोपाल में ही रहेंगे।
Source link