थाने के मुंशी पर चला दिया टांगी, लहूलुहान हालत में लाया गया अस्पताल
रायगढ़, 05 सिंतबर। पीड़ित की जान बचाने पहुंची 112 डायल की पुलिस टीम पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। इस हमले में घरघोड़ा थाना के मुंशी गम्भीर रूप से घायल हो गया है। इलाज के लिए उसे घरघोड़ा के ही सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र के चोटी गुड़ा का है। रविवार रात करीब 2 बजे 112 डायल के माध्यम से खबर आई कि राजाराम राठिया के द्वारा टांगी लेकर गांव में आतंक मचाया जा रहा है। वह लोगों के साथ मारपीट भी कर रहा है। सूचना पाकर मुंशी अवध बिहारी विश्वकर्मा, आरक्षक दिलीप साहू 112 डायल के ड्राइवर के साथ मौके पर पहुँचे। लेकिन पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपित और भड़क गया और पुलिस टीम के साथ भी उसने गाली गलौज और गुंडागर्दी शुरू कर दी। घायल मुंशी जब उसे समझाने पहुंचे तो उसने टांगी से मुंशी पर ही हमला कर दिया। टांगी के हमले से मुंशी गम्भीर रूप से घायल हो गया। उनकी वर्दी खून से लहूलुहान हो गई। इसी हाल में उन्हें घरघोड़ा अस्पताल में उपचार हेतु रात को लाया गया। फिलहाल अभी तक आरोपित फरार है। घरघोड़ा पुलिस ने बताया कि मुंशी की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।