Chhattisgarh

ड्यूटी से गायब आरक्षक कोरबा में जुआ खेलते पकड़ा गया, एसपी ने किया तत्काल निलंबित

कोरबा/सक्ती। सक्ती जिले की पुलिस लाइन में पदस्थ एक आरक्षक को कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में जुआ खेलते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी मिलते ही सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन सक्ती में पदस्थ आरक्षक मनोज कुमार सारथी (40 वर्ष) 22 जून से बिना किसी पूर्व सूचना एवं अनुमति के ड्यूटी से अनुपस्थित था। इसी दौरान वह कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में जुआ खेलने पहुंचा, जहां पुलिस ने छापेमार कार्रवाई के दौरान उसे अन्य लोगों के साथ जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।

घटना की सूचना सक्ती पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए आरक्षक मनोज कुमार सारथी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।

बताया गया है कि आरक्षक मनोज कुमार सारथी जांजगीर जिले का निवासी है। उसके विरुद्ध कोरबा पुलिस ने जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की है।

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता एवं कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी पुलिसकर्मी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button