डीएसपीएम कोरबा पूर्व ने रचा कीर्तिमान, राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान

91 प्रतिशत पीएलएफ के साथ जनरेशन कंपनी का उत्कृष्ट प्रदर्शन
रायपुर, 9 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह (डीएसपीएम), कोरबा पूर्व ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। संयंत्र ने 91 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर ऊर्जा सचिव एवं पावर जनरेशन व डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव ने जनरेशन कंपनी के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार ने बताया कि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) द्वारा जारी वार्षिक रिपोर्ट में कंपनी के संयंत्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विशेष रूप से डीएसपीएम, कोरबा पूर्व ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है, जो कुशल प्रबंधन एवं संयंत्रों के नियमित रखरखाव का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि डीएसपीएम की दोनों 2×250 मेगावॉट क्षमता की इकाइयों ने वर्ष 2025-26 में 91 प्रतिशत पीएलएफ अर्जित किया, जो कि सीईए एवं छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग (सीएसईआरसी) द्वारा निर्धारित 85 प्रतिशत लक्ष्य से काफी अधिक है।
इसके अतिरिक्त, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के वार्षिक मूल्यांकन में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी का समग्र प्रदर्शन भी सराहनीय रहा है। देशभर की 33 विद्युत उत्पादन कंपनियों में कंपनी ने तीसरा स्थान प्राप्त कर शीर्ष तीन में अपनी जगह बनाई है।
प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता कंपनी के समर्पित प्रयासों का परिणाम है और इससे राष्ट्रीय ऊर्जा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की पहचान और मजबूत हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी कंपनी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेगी।




