ज्योतिषपीठ के नए शंकराचार्य बोले-: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ के निधन पर राष्ट्रीय शोक क्यों?

[ad_1]
नरसिंहपुरएक घंटा पहले
ज्योतिषपीठ के नए शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंदजी सरस्वती महाराज ने ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ के निधन पर भारत में एक दिन का शोक घोषित करने पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मंगलवार को एक प्रेसवार्ता में कहा कि ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ के निधन पर एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित करना देश के लोगों को ठीक नहीं लगा। इस घटना ने देश के लोगों के मन में कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
नरसिंहपुर जिले के परमहंसी आश्रम में प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों ने अविमुक्तेश्वरानंदजी से सवाल पूछा कि लोग सोशल मीडिया पर कह रहे हैं कि ब्रिटेन की महारानी की मौत पर राष्ट्रीय शोक लेकिन महान हिंदू संत स्वरूपानंदजी के निधन पर शोक नहीं रखा गया ऐसा क्यों? अविमुक्तेश्वरानंदजी ने कहा- संत के निधन पर शोक नहीं होता। ये बात भारत के लाेग भी जानते हैं क्योंकि जिसने आत्मा को जान लिया है उसके जाने का कैसा शोक। लेकिन लोगों को बुरा इस बात का लग रहा है कि ऑन रिकॉर्ड सवा 7 लाख लोगों की मौत देश की स्वतंत्रता के लिए हुई। इनकी जिम्मेदार ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ थीं लेकिन मौत पर एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित कर दिया गया। भारत के जो शासक हैं उन्हें भारत के लोगों की भावना को समझना होगा।
गुप्त संधि की भी आशंका लोगों में
अविमुक्तेश्वरानंदजी ने भारत और ब्रिटेन के बीच गुप्त संधि की आशंका की बात भी कही। उन्होंने कहा- यदि कोई गुप्त संधि है जिसमें लोगाें को अंदेशा है कि भारत पूरी तरह स्वतंत्र नहीं हुआ है बल्कि 90 साल की रिलीज पर दिया गया है। करीब 75 साल हो चुके हैं। 15 साल बाद भारत फिर से ब्रिटेन का गुलाम हो जाएगा। प्रेस कांफ्रेंस में द्वारका शारदा पीठ के नए शंकराचार्य स्वामी सदानंद जी महाराज व दोनों शंकराचार्यों के सचिव ब्रह्मचारी श्री सुबुद्धानन्द जी भी उपस्थित थे।
पीएम,सीएम सहित कई नेताओं ने जताया था शोक
11 सितंबर को संत स्वरूपानंदजी सरस्वती का निधन हो गया था। तभी कांग्रेेस ने सरकार से शोक घोषित करने की मांग शुरू कर दी थी। इसके बाद मप्र सरकार ने एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सहित कई नेताओं ने ट्वीट कर दु:ख जताया और अनुयायियों के प्रति संवेदना जताई थी। दूसरी ओर 8 सितंबर को ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ का निधन हुआ था। उनके निधन पर भी प्रधानमंत्री सहित कई नेताओं ने दु:ख जताया था।
Source link