जेएसडब्ल्यू एसके महानदी पावर कंपनी के भूविस्थापित जीवन निर्वाह भत्ता समिति की मासिक बैठक संपन्न

जांजगीर चांपा। आज सोमवार को जेएसडब्ल्यू एसके महानदी पावर प्लांट लिमिटेड के भूविस्थापित जीवन निर्वाह भत्ता (पेंशन) समिति की फरवरी माह की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्लांट से प्रभावित आठ आश्रित ग्राम नरियरा, तरोद, रोगदा, नवापारा, अमौरा, मुरलीडीह, लटिया एवं पकरिया के पेंशनधारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में भूविस्थापितों से जुड़ी 10 प्रमुख मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने इन मांगों को लेकर जेएसडब्ल्यू प्लांट प्रबंधन, शासन एवं प्रशासन को पुनः स्मरण कराने पर सहमति जताई। प्रमुख मांगों में बेहतर मेडिकल सुविधा, आजीवन पेंशन, पति-पत्नी को अलग-अलग खाते के आधार पर अलग पेंशन, उत्तराधिकारी बदलने की छूट, वैध गोदनामा को मान्यता देना, एकमुश्त समझौते का विकल्प, योग्यता के अनुसार प्लांट में रोजगार, मेडिकल बस सेवा पुनः शुरू करना, नियमित मेडिकल कैंप तथा खेल आयोजनों में भूविस्थापित पेंशनधारियों की भागीदारी शामिल रही।
बैठक में समिति के सचिव अविनाश सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश साहू, सह-कोषाध्यक्ष बुद्धेश्वर सिंह सहित अन्य सदस्य, ग्रामवासी, भूविस्थापित किसान एवं पेंशनधारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समिति की सहमति से आगामी बैठक 1 फरवरी 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया गया।




