National

अब यूपी के श्रमिकों को आतंकियों ने बनाया निशाना, ग्रेनेड हमले में दो की मौत…

श्रीनगर ,18अक्टूबर। आतंकियों ने शोपियां के हरमेन में रह रहे श्रमिकों के कमरे के भीतर ग्रेनेड से हमला किया। इस हमले में कानपुर के दो श्रमिकों की मौत हो गई है। पुलिस ने हमले में मारे गए श्रमिकों की पुष्टि करते हुए बताया कि उनमें से एक का नाम मुनीश कुमार और दूसरे का नाम राम सागर है। इस हमले के बाद सुरक्षाबलों ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के हाइब्रिड आतंकी इमरान बशीर गनई को गिरफ्तार कर लिया है। वह हरमेन का ही रहने वाला बताया जा रहा है। फिलहाल, उससे पूछताछ जारी है।

वारदात रात करीब साढ़े बारह बजे हुई। बताया जा रहा है कि कानपुर व अन्य प्रदेशों के श्रमिक दिनभर दिहाड़ी लगाने के बाद रात को अपने कमरे में सो रहे थे। तभी आतंकियों ने मौका पाकर ग्रेनेड कमरे के भीतर दागा। इस दौरान हुए जोरदार धमाके में दो श्रमिक बुरी तरह घायल हो गए। हमले के बाद आतंकी मौके से भाग निकले। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतकों की पहचान मुनीश कुमार और राम सागर के रूप में हुई है। इससे पूर्व दोनों के नाम मुनीर अहमद और सागर अली बताए जा रहे थे। इस हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान छेड़ दिया है।

इससे पहले शनिवार को आतंकियों ने शोपियां में ही कश्मीरी पंडित पूरण कृष्ण भट की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह अपने सेब के बगीचे में जा रहे थे तभी आतंकियों ने उन्हें शिकार बना लिया था। शोपियां जिले के चौधरी गुंड में कश्मीरी पंडित पूरण कृष्ण भट की हत्या में लापरवाही के आरोप में घटना के समय गार्ड ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर बटालियन से अटैच कर उनके खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। शोपियां के एक आला अधिकारी ने बताया कि घर के करीब ही पूरण कृष्ण को गोली मारी गई। इलाके में कुल 9 परिवार रहते हैं और उनके ‘क्लस्टर’ के बीच में ‘पांच प्लस एक’ की गार्ड है जो घटना के समय मौके पर तैनात थी।

Related Articles

Back to top button