Chhattisgarh

जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 की तैयारियां तेज

0 कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

जांजगीर-चांपा, 05 फरवरी 2026। जिले में 11, 12 एवं 13 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर का स्थल निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ऐतिहासिक विष्णु मंदिर परिसर का भी अवलोकन किया और मंदिर परिसर में आकर्षक लाइटिंग एवं साज-सज्जा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि महोत्सव की सांस्कृतिक और धार्मिक गरिमा को और अधिक भव्य स्वरूप मिल सके।

कलेक्टर श्री महोबे ने स्पष्ट निर्देश दिए कि महोत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों एवं निजी संस्थाओं द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल किसानों की आवश्यकता और हितों को केंद्र में रखकर लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि कृषि आधारित योजनाओं, आधुनिक तकनीकों, उन्नत बीज, उर्वरक, जैविक खेती, पशुपालन एवं उद्यानिकी से जुड़ी विस्तृत जानकारी किसानों को उपलब्ध कराई जाए।


उन्होंने किसानों को नई कृषि तकनीक, आधुनिक कृषि यंत्र, ड्रोन तकनीक, सिंचाई नवाचार एवं उन्नत बीजों की जानकारी देने पर विशेष जोर दिया, जिससे किसान आधुनिक खेती की ओर प्रेरित हो सकें और उनकी आय में वृद्धि हो।
इसके साथ ही कलेक्टर ने मंच एवं स्टॉल व्यवस्था, साउंड सिस्टम, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन की सफलता के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।


निरीक्षण के दौरान वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button