जांजगीर में रेल ओवरब्रिज निर्माण को लेकर फिर भड़का जनाक्रोश, 6 मार्च को जन आंदोलन का ऐलान

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन के पश्चिम केबिन पर प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज निर्माण सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर जन आंदोलन की घोषणा कर दी गई है। इस संबंध में जिला प्रशासन और डीआरएम बिलासपुर को विधिवत सूचना भी भेज दी गई है।
जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रेल ओवरब्रिज निर्माण, स्टेशन की मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, गोंडवाना एक्सप्रेस और साउथ बिहार एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव तथा मिशन अस्पताल चांपा समपार पर अंडरब्रिज निर्माण जैसी मांगों को लेकर पूर्व में भी जन आंदोलन किया गया था। उस दौरान रेल प्रशासन और जिला प्रशासन के साथ हुई वार्ता के बाद आंदोलन को स्थगित कर दिया गया था।
वार्ता में आश्वासन दिया गया था कि छह माह के भीतर रेल ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा और जांजगीर-नैला स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव पर सहमति बनी थी। लेकिन अब तक इन वादों पर कोई ठोस पहल नहीं होने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारी तय न होने और विभागों के बीच तालमेल की कमी के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है।
लगातार देरी से आक्रोशित नागरिकों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि 6 मार्च 2026 को पुनः जन आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन के तहत जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन के पश्चिम फाटक पर चक्का जाम करने की भी घोषणा की गई है।

आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक रेल ओवरब्रिज निर्माण और अन्य मांगों पर ठोस कार्यवाही शुरू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।




