Chhattisgarh

जांजगीर में युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, CM विष्णु देव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन

जांजगीर-चांपा। जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी के विरोध में जांजगीर-चांपा जिले में युवा कांग्रेस ने उग्र आंदोलन किया। जिला मुख्यालय के बीटीआई चौक में जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन किया गया। इस दौरान इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही और भारी पुलिस बल तैनात रहा।

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता बीटीआई चौक पहुंचे और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू को झूठे मामले में फंसाकर राजनीतिक द्वेष के चलते जेल भेजा गया है।

पुतला दहन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमा-झटकी की स्थिति बन गई। पुलिस द्वारा पुतले में लगी आग बुझाने के लिए फायर स्प्रे का इस्तेमाल किया गया, लेकिन इसके बावजूद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के पुतले को जलाकर विरोध दर्ज कराया।

दरअसल, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ चांपा थाना में एक किसान से 42.78 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। मामले में जिला न्यायालय के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) ने विधायक को 22 जनवरी तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद से ही कांग्रेस और युवा कांग्रेस लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस नेताओं को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि मनरेगा जैसे कानूनों में बदलाव कर मजदूरों के अधिकार छीने जा रहे हैं।

प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि विधायक बालेश्वर साहू को जल्द रिहा नहीं किया गया, तो युवा कांग्रेस जिला कांग्रेस के साथ मिलकर प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगी।

वहीं जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने कहा कि युवा कांग्रेस किसानों और मजदूरों के हक की लड़ाई सड़कों पर उतरकर लड़ेगी और किसी भी कीमत पर अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जांजगीर न्यूज, जांजगीर युवा कांग्रेस प्रदर्शन, बालेश्वर साहू गिरफ्तारी, जैजैपुर विधायक समाचार, CM विष्णु देव साय पुतला दहन, विजय शर्मा पुतला दहन, छत्तीसगढ़ राजनीति, कांग्रेस आंदोलन जांजगीर, Chhattisgarh News Hindi

Related Articles

Back to top button