जांजगीर : जिलास्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल का शुभारंभ, प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा

जांजगीर-चांपा, 24 नवम्बर । राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने प्रारंभ किये गये छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल का जिलास्तरीय आयोजन गुरुवार से जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नं. 1 के खेल मैदान में प्रारंभ हुआ। जिले के अलग-अलग विकासखंडों से चयनित भौंरा, बांटी, बिल्लस, पिठुल और संखली खेलों के खिलाड़ियों ने मैदान पर अपनी प्रतिभा दिखाई।
जिलास्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल का शुभारंभ प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के आकर्षक मार्चपास्ट और शपथ से प्रारंभ हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष यनिता यशंवत चन्द्रा ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने किये जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन खेलों के आयोजन से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाएं उभरकर कर सामने आएंगी। उन्होंने खेल शुभारंभ करने की औपचारिक घोषणा भी की।

ग्राम पंचायत स्तर और जिलास्तर पर विकसित होंगे खेल मैदान
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने जिले में भव्य आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर खेल का आयोजन किया गया था। इन खेलों मे बेहतर प्रदर्शन कर बहुत से खिलाड़ी जिलास्तर पर चयनित होकर आज प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। यहां तक पहुंचने वाले सभी खिलाड़ी को मै बधाई देते हुए उम्मीद करता हूं कि वे अपने बेहतर प्रदर्शन से राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे और अपने गांव, अपने जिले तथा प्रदेश का नाम रौशन करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का आयोजन कर भुला दिए गए पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया गया है। आयोजन में बहुत उत्साह के साथ बच्चें, महिलाएं, युवा एवं बड़े तथा समाज के सभी वर्ग के लोग शामिल हों रहें हैं। यह खेल मनोरंजन, एकता का भी परिचायक बन रही है।
तीन दिवसीय आयोजन में डेढ़ हजार से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग
जिलास्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का आयोजन 24 से 26 नवम्बर तक हाई स्कूल खेल मैदान में आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रथम दिन संखली, बिल्लस, बांटी, पिठुल एवं भौंरा के लगभग 500 खिलाड़ी भाग ले रहें है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन 25 नवम्बर को लंबी कूद, 100 मीटर दौड़, गिल्ली डंडा, कबड्डी और लंगड़ी दौड़, 26 नवम्बर को फुगड़ी, रस्साकसी, खो-खो, गेड़ी दौड़ का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर-एसपी एवं अतिथियों ने भौंरा चलाकर खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित
जिलास्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा, एसपी पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों ने मैदान में भौंरा चलाकर मौके पर उपस्थित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।