जांजगीर-चाम्पा : जिस गांव में रहते हैं, वहां के विकास के लिए आगे आना होगा : तारन प्रकाश सिन्हा

कलेक्टर ने किया धान खरीद केन्द्र, गौठान, स्कूल का निरीक्षण और ग्रामीणों के बीच लगाई चौपाल
जांजगीर-चाम्पा 01 दिसम्बर । कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने गुरुवार को अकलतरा विकासखण्ड के अंतर्गत अनेक ग्रामों का दौरा कर विकासकार्यों का जायजा ही नहीं लिया, अपितु ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए इसका लाभ उठाकर आगे बढ़ने कहा है।
चौपाल में जब एक ग्रामीण ने आवारा पशुओं के विचरण से परेशानी होने और इसे दूर करने की मांग रखी तो कलेक्टर ने ग्रामीणों को बताया कि सरकार द्वारा गांव-गांव में गौठान इसीलिए प्रारंभ किया गया है कि आप लोग अपने मवेशी को गौठान में भेजें। उसके गोबर को एकत्र कर बेचे और गांव के गौठान में महिलाओं को जोड़कर आजीविका गतिविधियां संचालित करें। सरकार आपको समृद्ध बनाने के लिए योजनाएं ला रही है। आप इसका लाभ उठाये। गांव आपका है और आप भी अपनी जिम्मेदारी को समझिए तभी गांव का विकास संभव होगा।
कलेक्टर ने आज अकलतरा ब्लॉक के ग्राम कटघरी में राजस्व समाधान शिविर में ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने शासन के योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं को सुनते हुए निराकरण भी किया। कलेक्टर ने ग्रामीणों को बताया कि गांव में सभी को मिलजुलकर और विकास की राह में आगे बढ़ने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी शिकायतों के लिए पहले ग्राम स्तर पर निराकरण की कोशिश करें। इसके बाद तहसीलदार, एसडीएम के पास जाएं। यहां भी निराकरण न हो तभी कलेक्टर के पास आए। कलेक्टर ने ग्राम चंदनिया में जल संरक्षण को लेकर बनाए गए डबरी, कटघरी में राजस्व समाधान शिविर, ग्राम बरगंवा में धान खरीद केंद्र, गौठान और अमोरा में ग्रामीणों से मुलाकात कर योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान एसडीएम ममता यादव, जनपद सीईओ, तहसीलदार आदि उपस्थित थे।

ग्रामीणों से लिया फीडबैक और किया समस्याओं का समाधान
कलेक्टर ने ग्राम कटघरी और अमोरा में ग्रामीणों से चर्चा की। चौपाल के माध्यम से उन्होंने छत्तीसगढ़ी में संवाद करते हुए पहले तो योजनाओं की जानकारी दी, फिर गांव के लोगों को समय पर राशन मिलने, स्कूल व आंगनबाड़ी समय पर खुलने, मध्यान्ह भोजन और पोषण आहार का वितरण होने, शिक्षकों के समय पर स्कूल आने, पटवारी-सचिव के मुख्यालय में रहने के संबंध में ग्रामीणों से जानकारी ली।
धान खरीद और गौठान का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने धान खरीद केन्द्र बरगंवा में धान खरीदी केन्द्र और गौठान का निरीक्षण किया। उन्हाेंने धान खरीदी में लापरवाही नहीं करने और पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने धान खरीद में किसानों की सुविधाओं का ख्याल रखने तथा किसी प्रकार के गड़बड़ी किए जाने पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही। कलेक्टर ने धान खरीद के साथ केन्द्र में समय पर धान का उठाव करने के निर्देश दिए।