Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा में सड़क हादसों की रोकथाम के लिए संयुक्त निरीक्षण, ब्लैक स्पॉट पर होगा सुधार कार्य

जांजगीर-चांपा, 08 अप्रैल 2026। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से आज बुधवार को दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस पहल का उद्देश्य दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यह संयुक्त निरीक्षण किया गया, जिसमें जिला परिवहन अधिकारी गौरव साहू, पीडब्ल्यूडी चांपा डिवीजन के एसडीओ दिनेश धुर्वे, शिवरीनारायण क्षेत्र के सब इंजीनियर डी.सी. दिनकर सहित संबंधित थाना प्रभारियों की टीम शामिल रही।

निरीक्षण के दौरान बम्हनीडीह, बिर्रा और शिवरीनारायण क्षेत्रों के उन स्थानों का दौरा किया गया, जहां पूर्व में सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं या जिन्हें ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़कों की स्थिति, यातायात व्यवस्था, संकेतकों की उपलब्धता, खतरनाक मोड़ और अन्य तकनीकी पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया।

जांच में पाया गया कि तेज रफ्तार, यातायात नियमों का उल्लंघन, पर्याप्त संकेतकों की कमी, रोड मार्किंग का अभाव, सड़क किनारे अतिक्रमण, खराब रोड शोल्डर और कुछ स्थानों पर खराब सड़क संरचना दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। साथ ही कई जगहों पर ऐसे मोड़ भी पाए गए जहां दृश्यता बाधित होती है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है।

निरीक्षण के बाद संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें चेतावनी संकेतक लगाने, स्पीड ब्रेकर बनाने, सड़क मरम्मत कराने, अतिक्रमण हटाने और यातायात नियंत्रण व्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसे उपाय शामिल हैं। इन सभी बिंदुओं पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विभागों को पत्राचार भी किया जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग है और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। वहीं आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

Related Articles

Back to top button