Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा : ब्रेजा कार के दो टायर चोरी करने वाले आरोपी आए पुलिस की गिरफ्त में

जांजगीर-चांपा, 14 नवंबर 2025 । जिले की थाना बलौदा पुलिस ने खड़ी ब्रेजा कार के दो टायर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दोनों टायर, जिनकी कीमत लगभग 18,400 रुपये है, बरामद कर लिए हैं। मामले में एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है।

घटना 09 नवंबर 2025 की है, जब प्रार्थी हेमंत कुमार यादव निवासी कोरबी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी ब्रेजा कार क्रमांक CG 12 BT 6576 घर के पास खुले स्थान में खड़ी थी। रात्रि में अज्ञात चोर कार के सामने के दोनों टायर चोरी कर ले गया था। थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 443/25 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तफ्तीश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक रात में बाड़ी क्षेत्र के आसपास संदिग्ध रूप से घूमते देखे गए थे। पुलिस ने संदेह के आधार पर उनकी तलाश की और पूछताछ में सोहराब जांगड़े, उम्र 21 वर्ष, निवासी कोरबी, अचानकपुर रोड थाना बलौदा ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर जैक लगाकर और पाना का उपयोग कर कार के दोनों टायर निकाल लिए थे। चोरी के बाद टायरों को कोरबी के लपेटापारा स्थित एक खेत में छिपाकर रखा गया था, जहां से पुलिस ने दोनों टायर बरामद कर लिए।

आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 3(5) BNS के तहत कार्रवाई करते हुए आज शुक्रवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, सउनि सुनील टैगोर, आरक्षक श्याम राठौर, टिकेश्वर राठौर और रोहित साहू का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button