Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा पुलिस का जागरूकता अभियान तेज, स्कूली बच्चों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियम और नशामुक्ति का दिया संदेश

जांजगीर-चांपा, 30 जुलाई। जांजगीर-चांपा पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाते हुए स्कूली विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अपराधों की रोकथाम करना है।

अभियान के तहत थाना पामगढ़, जांजगीर, मुलमुला, बिर्रा, सारागांव, नवागढ़, चांपा, बलौदा, शिवरीनारायण, बम्हनीडीह तथा यातायात पुलिस की टीमों ने विभिन्न स्कूलों का भ्रमण कर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से सतर्क रहने की सलाह दी।

विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासवर्ड या अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, फर्जी लिंक और संदिग्ध कॉल से सावधान रहने तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। पुलिस ने बताया कि नशा न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर असर पड़ता है। विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।

पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, साइबर अपराध, नशा कारोबार या अन्य आपराधिक घटना की जानकारी मिले तो बिना डर के तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने बताया कि सामुदायिक पुलिसिंग के तहत इस प्रकार के जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों में कानून के प्रति विश्वास बढ़ाना, अपराधों की रोकथाम करना तथा सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार समाज का निर्माण करना है।

Related Articles

Back to top button