जांजगीर-चांपा : नवागढ़ ब्लॉक में धान खरीदी बंद होने के विरोध में किसानों का धरना तीसरे दिन भी जारी

जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक अंतर्गत कर्रा सहकारी समिति क्षेत्र में धान की खरीदी नहीं होने से नाराज किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। कर्रा सोसायटी से जुड़े गांव हरदी, दहिदा, कर्रा, बरबसपुर और आमानारा के किसान धान खरीदी शुरू कराने की मांग को लेकर बीते तीन दिनों से धरने पर बैठे हुए हैं।
किसानों का आरोप है कि धान खरीदी केंद्र में ट्रक अंदर खड़े हैं, लेकिन धान का उठाव नहीं किया जा रहा है। मजबूर होकर किसान खरीदी केंद्र के बाहर डेरा डालकर बैठ गए हैं और धान उठाव को रोक दिया है। आंदोलनकारी किसानों का कहना है कि बार-बार नियमों का हवाला देकर उनका धान नहीं खरीदा जा रहा, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

किसानों के समर्थन में कृषक चेतना मंच भी धरने पर बैठ गया है और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहा है। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि जब सरकार ने धान खरीदी का वादा किया है, तो फिर किसानों को परेशान क्यों किया जा रहा है।
इस आंदोलन को क्षेत्र के किसानों के साथ-साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव सिंह का भी समर्थन मिला है। उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में किसानों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि धान नहीं खरीदने के लिए तरह-तरह के नियम बनाए जा रहे हैं, जिसका कांग्रेस पुरजोर विरोध करती है।
गौरव सिंह ने मांग की कि धान खरीदी तत्काल प्रभाव से दोबारा शुरू की जाए और जिन किसानों का धान किसी भी कारणवश अब तक नहीं बिक पाया है, उनका धान भी बिना किसी भेदभाव के खरीदा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं होने से किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और धरना जारी है।




