Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा: नवपदस्थ जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम एक्शन में, पीएम आवास, स्वच्छ भारत मिशन और एनआरएलएम की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

जांजगीर-चांपा, 14 जुलाई 2026। जांजगीर-चांपा जिले के नवपदस्थ जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) विनय कुमार पोयाम ने पदभार संभालने के बाद मंगलवार को पहली बार विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), विकसित भारत-जी राम जी अभियान, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित पंचायत विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में सहायक परियोजना अधिकारी एवं प्रभारी उप संचालक पंचायत बरनसिंह मंडावी, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी, जनपद पंचायतों के सीईओ, कार्यक्रम अधिकारी, ब्लॉक समन्वयक और तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सीईओ विनय कुमार पोयाम ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों की प्रगति, किस्तों के भुगतान और लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर योजना का लाभ मिले और आवास निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने ग्राम पंचायतवार अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने, हितग्राहियों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा नियमित मैदानी निरीक्षण के माध्यम से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लाभार्थियों से सतत संपर्क बनाए रखते हुए योजना के शत-प्रतिशत लक्ष्य को पूरा करने पर जोर दिया।

सीईओ ने विकसित भारत-जी राम जी अभियान के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, श्रमिकों को समय पर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक जल संरक्षण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी जल्द पूरी की जाए तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों का नियमित स्थल निरीक्षण कर गुणवत्ता बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालय निर्माण और ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (एसएलडब्ल्यूएम) से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए और सभी लंबित कार्यों में तेजी लाकर समय पर पूरा किया जाए।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जनपद पंचायत स्तर पर आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने और महिलाओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आजीविका ऋण मेले आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

बैठक के अंत में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम ने स्पष्ट कहा कि शासन की सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें और सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए तय समय-सीमा में लक्ष्यों को पूरा करें।

Related Articles

Back to top button