Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा: जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम ने पीएम आवास योजना के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर

जांजगीर-चांपा, 22 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) विनय कुमार पोयाम ने बुधवार को जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम पंचायत परसाही नाला और अमलीपाली का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने हितग्राहियों से सीधे बातचीत कर आवास निर्माण की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गुणवत्ता, मजदूरी भुगतान और योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को मनरेगा के तहत 90 दिवस की अकुशल श्रमिक मजदूरी का लाभ अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए तथा निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।

विनय कुमार पोयाम ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) केवल मकान बनाने की योजना नहीं है, बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवन प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और जिन आवासों का निर्माण धीमी गति से चल रहा है या लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही हितग्राहियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखते हुए उन्हें तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।

दौरे के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत अमलीपाली में संचालित सेग्रीगेशन शेड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कचरे के पृथक्करण, संग्रहण और वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सेग्रीगेशन शेड के नियमित संचालन, साफ-सफाई और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत अकलतरा के सीईओ सहित जिला एवं जनपद पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला पंचायत प्रशासन का कहना है कि जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत सभी आवासों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कर पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द उनका लाभ दिलाना प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button