Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा कांग्रेस को मिला नया नेतृत्व, राजेश अग्रवाल ने जिलाध्यक्ष पद का संभाला कार्यभार

जांजगीर-चांपा। जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने आज विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। पदभार ग्रहण समारोह में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे और उन्होंने राजेश अग्रवाल को बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मजबूती संगठन की एकजुटता में निहित है। उन्होंने भरोसा जताया कि नए जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में जिले में कांग्रेस संगठन और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ता मिलकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे तथा आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।

वहीं नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी और सभी वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा युवाओं को साथ लेकर पार्टी को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

पदभार ग्रहण के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि नए नेतृत्व में जिले में कांग्रेस संगठन और अधिक सक्रिय होकर जनहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Back to top button