Chhattisgarh

जांजगीर-कुटरा पैदल यात्रा से दिया ईंधन बचत का संदेश

कुटरा, जांजगीर-चांपा। वैश्विक परिस्थितियों के कारण ऊर्जा संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुटरा के शिक्षकों द्वारा एक प्रेरणादायक पहल की गई। ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध से उत्पन्न संभावित तेल संकट को देखते हुए विद्यालय के व्यावसायिक शिक्षक श्री दीनानाथ उपाध्याय एवं सहायक ग्रेड-3 श्री अशुतोष प्रकाश राठौर ने लोगों को ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जांजगीर से कुटरा तक पैदल यात्रा की।


इस पैदल यात्रा के माध्यम से दोनों शिक्षकों ने समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया कि पेट्रोल और डीजल जैसे ऊर्जा संसाधन सीमित हैं, इसलिए इनका उपयोग सोच-समझकर करना आवश्यक है। यात्रा के दौरान उन्होंने लोगों से संवाद कर छोटी दूरी के लिए पैदल चलने, साइकिल का उपयोग करने तथा अनावश्यक वाहन प्रयोग से बचने की अपील की।


व्यावसायिक शिक्षक दीनानाथ उपाध्याय ने कहा कि “आज के समय में ऊर्जा संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। यदि हम सभी ईंधन के उपयोग में थोड़ी सावधानी बरतें, तो हम आने वाले समय में ऊर्जा संकट से बच सकते हैं। हमारी यह पैदल यात्रा समाज को जागरूक करने का एक छोटा प्रयास है।”


वहीं सहायक ग्रेड-3 अशुतोष प्रकाश राठौर ने कहा कि “अक्सर लोग छोटी दूरी के लिए भी मोटर वाहनों का उपयोग करते हैं, जिससे ईंधन की अनावश्यक खपत होती है। यदि हम पैदल चलने और साइकिल चलाने की आदत विकसित करें, तो इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि हमारा स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।”
विद्यालय के प्राचार्य श्री संदीप श्रीवास्तव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का माध्यम भी है। इस प्रकार की पहल से विद्यार्थियों और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।


इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी इस प्रयास की प्रशंसा की। प्रमुख रूप से अनुराग तिवारी, महावीर विजर्सन, अवधेश शर्मा, उमेश चौबे, सुरेश कुमार हँस, कमल किशोर कौशिक, दौलत राम थवाइत, सुश्री काजल कहरा, श्रीमती चंद्रवती रात्रे, श्रीमती संगीता सिंह, श्री मकरम, श्री कमलाकर, शेखर साहू, श्री हेमेश्वर, खिलेन्द्र तिवारी तथा श्रीमती नर्मदा ने इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताते हुए ईंधन बचाने के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने की अपील की।

👆🏻👆🏻👆🏻👆🏻👆🏻👆🏻👆🏻👆🏻👆🏻👆🏻

Related Articles

Back to top button