Chhattisgarh

जंगल माफिया पर वन विभाग का बड़ा शिकंजा, 359 नग अवैध लकड़ी जब्त,55 अधिकारियों की संयुक्त टीम ने 6 स्थानों पर की कार्रवाई, 4.25 लाख रुपये की लकड़ी बरामद

कोरबा, 10 अप्रैल 2026। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरबा वनमंडल के बालको परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सतरेंगा सहित विभिन्न स्थानों पर व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान विभाग के 55 अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने 6 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी जब्त की।

यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी कोरबा प्रेम लता यादव की के निर्देशन, उप वनमंडलाधिकारी (SDO) सूर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। अभियान का नेतृत्व नव पदस्थ परिक्षेत्र अधिकारी बालको जतन सरकार एवं प्रभारी परिक्षेत्र अधिकारी भूपेंद्र सिंह द्वारा किया गया।

मिली सूचना के आधार पर सर्च वारंट के साथ टीम ने ग्राम सतरेंगा स्थित विभिन्न घरों में दबिश दी। कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक बालको क्रांति कुमार कंवर, सुशील कुमार साहू (परिक्षेत्र सहायक अजगरखार), गोवर्धन सिंह सिदार, तथा अन्य स्टाफ—अमृतलाल कंवर, अनिल कुमार कंवर सहित वन अमला शामिल रहा।

कार्रवाई के दौरान तेजराम के घर से 254 नग, मेहतार सिंह से 73 नग, घासीराम पिता रामसाय से 18 नग, देवलाल पिता उधियाराम से 10 नग तथा भारतराम पिता घासीराम के यहां से 4 नग साल, बीजा एवं अन्य प्रजातियों की लकड़ी जब्त की गई।

कुल 359 नग लकड़ी जब्त की गई, जिसका आयतन लगभग 5.405 घनमीटर और अनुमानित बाजार मूल्य करीब 4.25 लाख रुपये आंका गया है।

उक्त कार्रवाई में वन विभाग के साथ पुलिस बल की भी सक्रिय भागीदारी रही। टीम ने सुनियोजित तरीके से पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन अपराधों के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

कार्रवाई में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, संयुक्त वन प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों का भी सहयोग मिला, जिनके योगदान की विभाग ने सराहना की है।

Related Articles

Back to top button