National

छात्रसंघ चुनाव में चली गोली, पत्रकारों को भी पीटा, पुलिस ने भांजी लाठियां…

पटना। बिहार की राजधानी पटना में शनिवार को छात्रसंघ चुनाव के दौरान गोलीबारी की घटना हुई। वहीं पत्रकारों को भी निशाना बनाया गया। हंगामा बढ़ने के बाद जब पुलिस पहुंची तो उनपर भी पथराव किया गया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज के उपद्रवियों को खदेड़ा।

पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान के दौरान फायरिंग की गई। मतदान सुबह आठ बजे से शुरू हुआ, जो दोपहर दो बजे तक चला। मतदान से थोड़ी देर पहले पटना कालेज के गेट पर पांच से छह राउंड फायरिंग होने से दहशत फैल गई। फायरिंग का आरोप पटेल छात्रावास में रहने वाले लड़कों पर लग रहा है। वारदात में कुछ छात्र घायल भी हुए हैं।

पटेल छात्रावास और जैक्‍सन छात्रावास के बीच मारपीट और संघर्ष के दौरान यह सब हुआ है। घटनाक्रम को कवर करने गए पत्रकारों पर भी हमला कर दिया गया। एक अखबार के फोटोग्राफर का कैमरा तोड़ दिया गया। हंगामा शांत करने पुलिस पर पथराव किया गया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा गया। 

देर रात तक आ जाएंगे नतीजे
पटना विश्‍वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में कुल 24,395 छात्र-छात्राओं को मतदान का अधिकार मिला था। इनमें कितने लोगों ने मत का इस्‍तेमाल किया, यह थोड़ी देर में सामने आ जाएगा। पांच केंद्रीय पैनल और 26 काउंसलर पद के लिए चुनाव के नतीजे भी आज ही देर रात तक आ जाएंगे।

हर छात्र को कुल छह वोट डालने का मौका मिला। इनमें पांच केंद्रीय पैनल और एक काउंसलर का पद शामिल है। मतदान के लिए कालेजों और संकाय मिला कर कुल 51 मतदान केंद्र बनाए गए थे। पटना वीमेंस कालेज में 5355 मतदाता हैं। यहां सात मतदान केंद्र बनाए गए थे। मगध महिला कालेज में 3488 मतदाता हैं। यहां आठ मतदान केंद्र गए थे। कालेज आफ आर्ट एंड क्राफ्ट में 221 मतदाता हैं। यहां एक मतदान केंद्र बनाया गया था।

Related Articles

Back to top button