छत्तीसगढ़ में सनसनीखेज वारदात: शादी के दबाव से बचने प्रेमी ने मूकबधिर युवती की पत्थर से कुचलकर हत्या

महासमुंद (छत्तीसगढ़), 25 मार्च। जिले के बसना थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी 21 वर्षीय मूकबधिर प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन जब वह गर्भवती हो गई और शादी का दबाव बनाने लगी, तो बदनामी के डर से उसकी जान ले ली। पुलिस ने मामले में आरोपी लोकनाथ पटेल (27), निवासी ग्राम इंद्रपुर, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी और युवती के बीच पिछले एक साल से प्रेम संबंध था। इस दौरान आरोपी ने शादी का वादा कर कई बार युवती के साथ संबंध बनाए। कुछ दिन पहले युवती की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां जांच में उसके दो माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
23 मार्च की रात युवती अपने प्रेमी से मिलने पहुंची और इशारों में उसे गर्भवती होने की जानकारी दी। यह सुनकर आरोपी घबरा गया और उसी समय हत्या की साजिश रच ली। उसने पत्थर से युवती के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी ने शव को घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में फेंक दिया। जब युवती रातभर घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। 24 मार्च की सुबह उसका शव खेत में खून से लथपथ हालत में मिला। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे।
सूचना मिलते ही पुलिस और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया।
जांच के दौरान मृतका के पिता से मिली जानकारी के आधार पर संदेह के चलते आरोपी लोकनाथ पटेल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि युवती के गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद उसे सामाजिक बदनामी का डर सताने लगा, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।




