Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में वित्तीय प्रबंधन को डिजिटल बढ़ावा, संचालनालय कोष एवं लेखा ने शुरू की नई सेवाएं

रायपुर, 01 अप्रैल 2026। राज्य में वित्तीय व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनाने की दिशा में संचालनालय कोष एवं लेखा ने कई नई डिजिटल सेवाओं की शुरुआत की है। इन पहलों का उद्देश्य आम नागरिकों, शासकीय विभागों और अन्य हितधारकों को सरल, सुलभ और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

नई व्यवस्था के तहत 1 अप्रैल 2026 से ई-चालान के अंतर्गत ओटीसी प्रणाली लागू कर दी गई है। इसके माध्यम से अब सभी प्रकार की शासकीय प्राप्तियों का भुगतान ऑनलाइन किया जा सकेगा। नागरिक और संस्थाएं आसानी से चालान तैयार कर राजस्व जमा कर पाएंगे, जिससे भुगतान प्रक्रिया अधिक सरल, समयबद्ध और पारदर्शी होगी।

इसके साथ ही कोषालयों में ऑनलाइन बीटीआर (बैंक ट्रांजैक्शन रिपोर्ट) सुविधा भी शुरू की गई है। इससे लेखांकन कार्यों में गति और सटीकता आएगी। राज्य में एक केंद्रीय कोषालय की भी शुरुआत की गई है, जिसके जरिए भारत सरकार से प्राप्त राशि का भुगतान अब एसएनए स्पर्श प्रणाली के माध्यम से केंद्रीकृत और सुव्यवस्थित तरीके से किया जाएगा।

संचालनालय ने अपनी नई आधिकारिक वेबसाइट (dta.cg.gov.in) भी लॉन्च की है। इस पोर्टल पर विभाग से संबंधित नवीनतम जानकारी, ऑनलाइन सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी। यह पहल राज्य में डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने और वित्तीय प्रशासन को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button