Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा: नाले में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत, गांव में पसरा मातम

कोण्डागांव, 18 जून 2026। छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। जिले के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटपाड़ में नाले में नहाने गए दो मासूम चचेरे भाइयों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को 6 वर्षीय साजन पोयाम, पिता केशव पोयाम और 7 वर्षीय ऋषभ पोयाम, पिता तेजराज पोयाम गांव के पास स्थित नाले में नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान दोनों बच्चे नाले के एक गहरे गड्ढे में चले गए और पानी में डूब गए। काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई।

तलाशी के दौरान नाले के किनारे दोनों बच्चों के कपड़े मिले, जिसके बाद अनहोनी की आशंका और बढ़ गई। ग्रामीणों और परिजनों ने मिलकर नाले में खोजबीन शुरू की। काफी प्रयासों के बाद रात करीब 8 बजे दोनों बच्चों के शव पानी से बाहर निकाले गए।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ेडोंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला नहाने के दौरान दुर्घटनावश डूबने का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे ग्राम कोटपाड़ में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की असमय मौत से परिजन सदमे में हैं। गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। बच्चों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।

मासूमों की मौत से गांव में शोक

साजन और ऋषभ की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। दोनों बच्चे आपस में चचेरे भाई थे और अक्सर साथ खेलते-कूदते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में गहरा दुख व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल स्रोतों के आसपास सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button