चुईया में एचटीपीएस का स्वास्थ्य शिविर: 110 ग्रामीणों ने लिया लाभ, विशेषज्ञों ने दिए स्वास्थ्य के अहम सुझाव

कोरबा, 23 मार्च 2026। हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम की ओर से ग्राम चुईया में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि गुप्ता ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिए गए स्वास्थ्य संबंधी सुझावों का पालन कर लोग अपने जीवन को अधिक स्वस्थ बना सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ग्रामीण इन सलाहों को गंभीरता से अपनाएंगे।
एचटीपीएस द्वारा आसपास के गांवों में स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविरों की श्रृंखला संचालित की जा रही है। यह पहल छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी की 2×660 मेगावाट परियोजना के अंतर्गत निगमित पर्यावरणीय उत्तरदायित्व (सीईआर) का हिस्सा है, जिसके माध्यम से संयंत्र के समीप स्थित 11 गांवों में जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
शिविर में एनकेएच अस्पताल, कोरबा के न्यूरो फिजिशियन डॉ. मनीष गोयल ने बताया कि बार-बार सिरदर्द उच्च रक्तचाप का संकेत हो सकता है, जबकि एक तरफ दर्द माइग्रेन का लक्षण हो सकता है। उन्होंने बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने से बचने की सलाह दी। साथ ही नसों में दर्द, झुनझुनी और हाथ-पैर में जलन को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने की आवश्यकता बताई। उन्होंने स्क्रीन टाइम कम करने और स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर तत्काल उपचार कराने पर जोर दिया।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. जय बावने ने संतुलित आहार और स्वच्छता को त्वचा स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि प्रोटीन युक्त भोजन, हरी सब्जियां और फल बालों व त्वचा के लिए लाभकारी हैं तथा अधिकांश त्वचा रोग साफ-सफाई से नियंत्रित किए जा सकते हैं।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रेणु कौशिक ने बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष जोर देते हुए कहा कि घर का पौष्टिक भोजन और मातृ दुग्ध बच्चों के लिए सर्वोत्तम है। उन्होंने जंक फूड से बच्चों को दूर रखने की सलाह दी।
चिकित्सा सलाहकार डॉ. एस.सी. खरे ने नियमित दिनचर्या, योग, व्यायाम और पैदल चलने को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। उन्होंने कहा कि सक्रिय जीवनशैली अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
शिविर में कुल 110 ग्रामीणों ने भाग लिया। इनमें 30 लोगों की मधुमेह जांच तथा 60 लोगों की रक्तचाप जांच की गई। साथ ही 80 ग्रामीणों को परामर्श के बाद सर्दी, खांसी, बुखार सहित आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।
कार्यक्रम में परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या सहित अन्य अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग की टीम, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




