चीन का हाल बेहाल, बिजली की किल्लत, हीटवेव और सूखे ने बढ़ाई लोगों के दिलों की धड़कनें, कई कंपनियों में रुका काम

शंघाई चीन में इस वक्त लोगों और सरकार दोनों का ही हाल बेहाल है। देश के दक्षिण पश्चिम में पड़ रही भीषण गर्मी और बिजली की किल्लत से यहां के लोगों का जीवन परेशानियों में गुजर रहा है। हीटवेव की वजह से बिजली की मांग पहले की अपेक्षा कहीं अधिक हो गई है। ऐसे में बिजली की किल्लत हर जगह नजर आ रही है। इतना ही नहीं कम बारिश और सूखे की भविष्यवाणी से यहां के लोगों और सरकार की नींद उड़ी हुई है। मौसम विभाग ने लगातार 11 वें दिन भी समूचे क्षेत्र में हीटवेव की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने इस पूरे इलाके में रेड अलर्ट जारी किया है। बिजली की कमी और आसमान से गिर रही भीषण गर्मी से फसल खराब हो रही है। इसकी वजह से देश में सूखे की आशंका व्यक्त की जाने लगी है। इसको देखते हुए ओरेंज अलर्ट जारी किया जा चुका है जो दूसरा सबसे अधिक लेवल है।
कृषि मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि भीषण गर्मी से पहले से ही चावल और मक्का जैसी कई फसलें खराब हो चुकी हैं। ऐसे में देश के सामने आने वाले दिनों में खाद्यान्न की भी किल्लत हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो दक्षिण पश्चिम फूजियान के 62 वैदर स्टेशनों पर रविवार को रिकार्ड तापमान दर्ज किया गया है, जिसने सरकार की भी नींद उड़ा दी है।
मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि बुधवार से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। पिछले सप्ताह देश के चोंगिंग और शिनजियांग प्रांत में 45 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया था। देश के दक्षिण पश्चिमी क्षेत्र में मौजूद करीब 500 शापिंग माल भी बिजली की कमी और भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। रायटर के मुताबिक इस क्षेत्र के शापिंग माल्स और कमर्शियल सेंटर्स ने इस बात की पुष्टि की है कि भीषण गर्मी और बिजली की किल्लत को देखते हुए उन्हें सरकार की तरफ से इन्हें खोलने के नए टाइम स्लोट दिए गए हैं। होटल में एयर कंडिशन को चलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। यहां के कुछ होटलों को दिशा निर्देश दिए गए हैं कि वो केवल सामान्य रूप से ही इन्हें आपरेट कर सकते हैं। शिशुआन प्रांत में जहां एक बड़ा हाइड्रोपावर जनरेटर है को 25 अगस्त तक नया शड्यूल दे दिया गया है। यहां पर पहले ही क्षमता से आधी बिजली का उत्पादन किया जा रहा है।




