चांपा के मां समलेश्वरी मंदिर में मध्यरात्रि विशेष पूजा, मां कालरात्रि को अर्पित हुई नींबू की माला

जांजगीर चांपा। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर सप्तमी तिथि की मध्यरात्रि में चांपा स्थित प्रसिद्ध मां समलेश्वरी मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति के बीच मां जगदंबा के सप्तम स्वरूप मां कालरात्रि की विधिवत विशेष पूजा-अर्चना की गई।
पूजन के दौरान विश्व कल्याण और लोक-हित की मंगल कामना के साथ विशेष अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस अवसर पर मां कालरात्रि को ‘स्वेत बलि’ स्वरूप नींबू की माला अर्पित की गई, जिसे धार्मिक मान्यता के अनुसार अत्यंत शुभ और संकट निवारक माना जाता है।
मंदिर परिसर में देर रात तक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में अपनी मनोकामनाएं अर्पित कर सुख-समृद्धि और सुरक्षा का आशीर्वाद मांगा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार मां कालरात्रि अपने भक्तों के सभी कष्टों का नाश कर उन्हें निर्भय बनाती हैं और जीवन में विजय का मार्ग प्रशस्त करती हैं। नवरात्रि के इस विशेष अवसर पर मंदिर में सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।




