अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव: मंडला नपा अध्यक्ष पद पर भाजपा व उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने हासिल की जीत

[ad_1]

मंडला4 घंटे पहले

  • बम्हनी-निवास में भाजपा व नैनपुर-बिछिया में कांग्रेस का कब्जा

जिले में मंगलवार को नगरीय निकायों के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों के चुनाव संपन्न हुए। दिनभर चली गहमागहमी के बीच मंडला, बम्हनी व निवास में अध्यक्ष पद पर भाजपा ने जीत हासिल की तो वहीं नैनपुर व बिछिया में कांग्रेस ने बाजी मारी। नपा मंडला उपाध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस ने उलटफेर करते हुए चुनाव जीत कर सबको चौंका दिया।

विनोद कछवाहा बने नपा मंडला अध्यक्ष

नगर पालिका मंडला के टाउन हॉल में नगर पालिका का सम्मिलन आयोजित हुआ, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से विनोद कछवाहा व कांग्रेस की ओर से ज्योति बाजपेयी उम्मीदवार बनी। वोटिंग उपरांत हुई गणना में विनोद कछवाहा ने 18 वोट हासिल किए तो वहीं ज्योति बाजपेयी को 6 वोट ही मिल सके।

इस तरह भाजपा के विनोद कछवाहा नपा मंडला के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा की ओर से प्रीति राय व कांग्रेस की ओर से अखिलेश कछवाहा उम्मीदवार थे। उम्मीद की जा रही थी कि जिस तरह से मंडला नपा में भाजपा अध्यक्ष पद हासिल करने में कामयाब हुई, उसी तरह उपाध्यक्ष पद पर भी जीत हासिल कर लेगी।

लेकिन उपाध्यक्ष के परिणामों ने सबको चौंका दिया, यहां अखिलेश कछवाहा को 13 वोट मिले, तो वहीं प्रीति राय 11 वोट ही हासिल कर सके। इस तरह उपाध्यक्ष पद पर अखिलेश कछवाहा विजयी घोषित हुए।

नैनपुर में भाजपा को लगा करारा झटका

नैनपुर नगर पालिका के सभा कक्ष में संपन्न हुए चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को करारा झटका देते हुए भाजपा से नैनपुर नगर पालिका छीन ली है। यहां अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की कृष्णा पंजवानी विजयी हुई। उन्हें 8 वोट मिले तो वहीं भाजपा प्रत्याशी निशा चंद्रौल को 6 वोट ही मिल सके।

इसके उपरांत उपाध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय पार्षद संजुलता वैष्णव व मोहित झारिया और भाजपा से राजाराम शर्मा के ओर से नामांकन फार्म जमा किए गए। नामांकन वापसी के दौरान राजाराम शर्मा की ओर से अपना नामांकन पत्र वापिस ले लिया गया। मतदान में संजुलता वैष्णव को 9 एवं मोहित झारिया को 6 वोट प्राप्त हुए। बताया जा रहा है कि संजुलता वैष्णव को कांग्रेस का समर्थन हासिल है इस प्रकार नैनपुर नपा में कांग्रेस का कब्जा हो गया।

भुआ बिछिया में कांग्रेस का परचम

नगर परिषद भुआ बिछिया में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के सम्पन्न हुए चुनाव में कांग्रेस की चित्रा धुर्वे अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस के रणधीर रानू राजपूत उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। दोनों को ही 8-8 मत मिले जबकि भाजपा की अध्यक्ष प्रत्याशी रजनी मरावी व उपाध्यक्ष प्रत्याशी शशिकांत श्रीवास्तव को 7-7 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार भुआ बिछिया नगर परिषद में कांग्रेस ने जीत हासिल करते हुए भाजपा से यह परिषद छीन ली।

बम्हनी में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

बम्हनी नगर परिषद में भाजपा ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए यहां अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। जिसमें भाजपा की मीना हरदहा अध्यक्ष व बद्री नंदा उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित हुए।

निवास नगर परिषद में भाजपा का कब्जा

निवास नगर परिषद में भाजपा ने जीत हासिल की। यहां अध्यक्ष पद पर भाजपा की हेमलता परस्ते ने 10 मत प्राप्त किये एवं कांग्रेस की निशा तेकाम को 5 मत मिले। इस प्रकार भाजपा की हेमलता परस्ते निवास नगर परिषद अध्यक्ष निर्वाचित घोषित हुई।

वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा के दो प्रत्याशी बसंत चौधरी व विभा जैन ने और कांग्रेस से संजय जयसवाल ने नामांकन फार्म भरा। नामांकन फार्म के उपरांत विभा जैन पार्टी से नाराज होकर परिषद से चली गई, इसके बाद हुए निर्वाचन में भाजपा के बसंत चौधरी को 9 मत मिले। वहीं कांग्रेस के संजय जयसवाल को 5 मत मिले। इस प्रकार भाजपा के बसंत चौधरी निर्वाचित घोषित हुए।

खबरें और भी हैं…
[ad_2]
Source link

Related Articles

Back to top button