Chhattisgarh

घुमका नगर पंचायत चुनाव की तैयारियों का पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा, मतदान केंद्रों और सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण

राजनांदगांव। आगामी 1 जून 2026 को नगर पंचायत घुमका में होने वाले नगरीय निकाय निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शनिवार को घुमका क्षेत्र का दौरा कर चुनावी तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर भी उनके साथ मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों, पहुंच मार्गों तथा संचार सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव के लिए बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम का भी निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन अवधि के दौरान पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि मतदाता निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें और क्षेत्र में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण बना रहे।

पुलिस प्रशासन ने निर्वाचन को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का दावा किया है।

Related Articles

Back to top button