Entertainment

घर की बात से देश की दिशा तक, ‘गवर्नर’ के इस सीन को मनोज बाजपेयी ने बताया सबसे खास

मुंबई। मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘गवर्नर’ को लेकर लोगों के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। भारत के 1991 के ऐतिहासिक आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म उस दौर को दिखाती है, जिसने देश की आर्थिक दिशा बदल दी थी। ट्रेलर को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया के बाद मेकर्स ने अपनी खास सीरीज़ ‘ अप्वाइंटमेंट विद द गवर्नर’ का एक और वीडियो रिलीज किया है, जिसमें मनोज बाजपेयी फिल्म से जुड़ी सीख और अनुभव साझा करते नजर आ रहे हैं।

इस नए वीडियो में मनोज बाजपेयी बताते हैं कि फिल्म का उनका एक पसंदीदा सीन अर्थशास्त्र या नीतियों से जुड़ा नहीं है, बल्कि गवर्नर और उनकी पत्नी के बीच हुई एक भावुक बातचीत है। यह सीन मुश्किल समय के लिए तैयार रहने का मजबूत संदेश देता है, जहां पत्नी की सरल लेकिन गहरी बात सिर्फ परिवारों ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए भी एक सीख बन जाती है।

मनोज कहते हैं, “मेरे पसंदीदा सीन में से एक अर्थशास्त्र का नहीं, बल्कि गवर्नर और उनकी पत्नी के बीच का सीन है। वह गवर्नर को एक बहुत सही बात समझाती हैं कि हर परिवार मुश्किल समय के लिए कुछ न कुछ तैयारी करके रखता है और यही काम हर देश को भी करना चाहिए। कई बार सबसे बड़ी सलाह या सीख हमें एक्सपर्ट्स से नहीं, बल्कि अपने घर से मिलती है।”

वीडियो शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा,

“अप्वाइंटमेंट विद द गवर्नर मुश्किल समय की तैयारी
गवर्नर, 12 जून 2026 से सिनेमाघरों में”

सच्ची और असाधारण घटनाओं से प्रेरित ‘गवर्नर’ भारत के इतिहास के उस अहम दौर को पर्दे पर लेकर आती है, जब देश एक बड़े आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा था। इस दमदार कहानी के केंद्र में हैं मनोज बाजपेयी, जो आरबीआई गवर्नर की भूमिका में नजर आएंगे। भारी दबाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच उन्हें ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं, जो देश के भविष्य की दिशा तय करते हैं। अपने साहस, दृढ़ विश्वास और अटल संकल्प के दम पर वह भारत के सबसे कठिन दौरों में से एक का सामना करते हैं।

प्रभावशाली संवादों से सजी यह कहानी सनशाइन पिक्चर्स लेकर आ रही है। फिल्म का निर्देशन चिन्मय मंडलेकर ने किया है, जबकि निर्माता विपुल अमृतलाल शाह हैं। आशिन ए. शाह इसके सह-निर्माता हैं। फिल्म की कहानी और पटकथा सुवेंदु भट्टाचार्यजी, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने लिखी है। जावेद अख्तर ने इसके गीत लिखे हैं और संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Articles

Back to top button