घने कोहरे में बढ़ा सड़क हादसों का खतरा, धमतरी पुलिस की वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील

धमतरी, 21 दिसंबर । जिले में लगातार घने कोहरे के कारण सड़क पर दृश्यता कम हो रही है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर धमतरी पुलिस यातायात द्वारा आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
धमतरी यातायात पुलिस ने बताया कि कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। कम विजिबिलिटी के कारण सामने से आ रहे या आगे चल रहे वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे टक्कर और गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में सावधानी ही सुरक्षित सफर और सुरक्षित जीवन की सबसे बड़ी गारंटी है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के समय वाहन चलाते हुए लो बीम लाइट का प्रयोग करें और वाहन की गति सीमित रखें। आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखना आवश्यक है ताकि अचानक ब्रेक लगने की स्थिति में दुर्घटना से बचा जा सके। ओवरटेकिंग से बचने और सड़क पर बनी लेन व मार्किंग का पालन करने की भी सलाह दी गई है।
इसके साथ ही वाहन की विंडशील्ड और शीशों को साफ रखने, अत्यधिक कोहरा होने पर वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोकने तथा रुके हुए वाहन पर हैजर्ड लाइट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की गई है।
धमतरी पुलिस यातायात ने नागरिकों से कहा है कि वे अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दें और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।




