गणेश सोनी बने एनसीसी के सेकंड ऑफिसर, ऑल इंडिया स्तर पर दो ट्रॉफी जीतकर बनाया रिकॉर्ड

गरियाबंद। जिले के देवभोग एनसीसी यूनिट के केयरटेकर गणेश सोनी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए सेकंड ऑफिसर पद पर कमीशन प्राप्त किया है। उन्होंने ऑल इंडिया एएनओ (Associate NCC Officer) प्री-कमीशन कोर्स में सर्वोच्च अंक हासिल कर न केवल व्यक्तिगत सफलता प्राप्त की, बल्कि छत्तीसगढ़ को भी ऑल इंडिया स्तर पर पहला स्थान दिलाया। इस दौरान उन्होंने एक साथ दो ट्रॉफी जीतकर नया रिकॉर्ड भी बनाया है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम National Cadet Corps के डायरेक्टर जनरल के निर्देशन में भारतीय वायु सेना एनसीसी द्वारा आयोजित किया गया था। तमिलनाडु के Chennai में आयोजित 104वां जेडीपीसी प्री-कमीशन कोर्स 5 जनवरी से 28 फरवरी तक चला। कुल 56 दिनों तक चले इस कठिन प्रशिक्षण शिविर में देशभर के विभिन्न एनसीसी यूनिट से 47 केयरटेकर ऑफिसर प्रशिक्षण के लिए शामिल हुए थे।
इस प्रशिक्षण में देश के कई राज्यों और क्षेत्रों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें आंध्रप्रदेश-तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु-पांडिचेरी, अंडमान-निकोबार, उत्तराखंड, बिहार-झारखंड, मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, नॉर्थ-ईस्ट रीजन, पंजाब-हरियाणा-हिमाचल-चंडीगढ़, केरल-लक्षद्वीप, कर्नाटक-गोवा और दिल्ली से आए प्रतिभागी शामिल थे। इतनी कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच गणेश सोनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी को पीछे छोड़ दिया।
कोर्स के दौरान गणेश सोनी ने “फर्स्ट इन ऑर्डर ऑफ मेरिट” और “बेस्ट इन एकेडमिक” जैसी प्रतिष्ठित ट्रॉफियां अपने नाम कीं। उनकी इस उपलब्धि के कारण छत्तीसगढ़ को ऑल इंडिया स्तर पर पहला स्थान प्राप्त हुआ। खास बात यह है कि किसी एक राज्य द्वारा एक साथ दो ट्रॉफी जीतने का यह पहला अवसर बताया जा रहा है, जिससे प्रदेश का गौरव भी बढ़ा है।
गणेश सोनी का चयन Raipur स्थित ग्रुप हेडक्वार्टर में आयोजित साक्षात्कार के बाद हुआ था। वे पुरुष वर्ग से इस प्रशिक्षण के लिए चुने जाने वाले एकमात्र प्रतिनिधि थे। चेन्नई के एयरफोर्स स्टेशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विदेशी देशों युगांडा और कनाडा के प्रतिभागियों के साथ भारतीय वायुसेना के गरुण कमांडो भी शामिल हुए, जिससे प्रशिक्षण और अधिक चुनौतीपूर्ण और प्रेरणादायक बन गया।
इस कोर्स का संचालन कैप्टन Digvijay Singh Chauhan द्वारा किया गया, जिन्होंने अब तक 13 हजार से अधिक फ्लाइंग घंटे पूरे किए हैं। गणेश सोनी की इस उपलब्धि से गरियाबंद जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है और इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।



