Chhattisgarh

खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स का भव्य आगाज, रायपुर बना ऐतिहासिक क्षण का साक्षी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में ‘खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स’ का भव्य शुभारंभ केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के करकमलों से हुआ। देश में पहली बार आयोजित इस खेल महाकुंभ ने जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हुए एक ऐतिहासिक क्षण रच दिया।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जनजातीय गौरव, प्रतिभा और नए भारत के आत्मविश्वास का उत्सव है। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा पुरानी सोच को पीछे छोड़ते हुए खेलों में अपना भविष्य बना रहा है। “जो खेले, वही खिले” का मंत्र आज की पीढ़ी को नई दिशा दे रहा है।

उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया केवल एक योजना नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन बन चुका है, जो देशभर के युवाओं की प्रतिभा को पहचान दिलाने का माध्यम है। अब छोटे गांवों और सीमित संसाधनों वाले परिवारों से निकलकर खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा फहरा रहे हैं।

विधायक अनुज शर्मा ने युवाओं से नशे और मोबाइल की आभासी दुनिया से दूर रहकर खेल के मैदान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल अब केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि एक सम्मानजनक करियर के रूप में स्थापित हो चुका है, जहां सरकार खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता और विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा की “Aarug The Untouched” बैंड द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने आयोजन में चार चांद लगा दिए।

इस भव्य आयोजन में उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव सहित कई मंत्री, विधायक और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button