खरोरा में महिलाओं ने संभाली ‘नशामुक्ति अभियान’ की कमान, विधायक अनुज शर्मा ने किया सम्मान

रायपुर । नगर पंचायत खरोरा में नशा मुक्त समाज की दिशा में महिलाओं ने प्रभावी पहल करते हुए एक मजबूत सामाजिक अभियान की शुरुआत की है। क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में गठित महिला समूहों की सक्रियता से अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थलों पर मद्यपान करने वालों में हड़कंप की स्थिति बन गई है। महिलाओं की इस जागरूकता और साहसिक पहल को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है।
अभियान की सफलता को देखते हुए विधायक अनुज शर्मा ने महिला समूहों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज ही समृद्ध प्रदेश की नींव है और खरोरा की महिलाओं ने जिस दृढ़ता के साथ इस अभियान को आगे बढ़ाया है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह केवल कानून व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और जनभागीदारी का प्रतीक है।
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि चुनाव के दौरान अवैध शराब पर रोक लगाने का जो वादा किया गया था, वह अब महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने नारी शक्ति की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि जब महिलाएं जागरूक होती हैं, तो पूरा परिवार और समाज सही दिशा में आगे बढ़ता है। खरोरा की महिलाओं ने यह साबित कर दिया है कि सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने महिला समूहों को भरोसा दिलाया कि इस अभियान में उनका पूर्ण सहयोग रहेगा और प्रशासन भी हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करेगा। साथ ही उन्होंने सभी से नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम में टिकेश्वर मनहरे, अनिल सोनी, सुमित सेन सहित बड़ी संख्या में महिला समूह की सदस्याएं उपस्थित रहीं।




