Chhattisgarh

जांजगीर-नैला में कचरा टैक्स वसूली पर विवाद : पार्षद ने उठाए सवाल, बंद करने की मांग

जांजगीर-चांपा, 20 मार्च 2026। नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला में कचरा टैक्स वसूली को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। वार्ड क्रमांक 24 के पार्षद अजीत गढ़वाल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में कचरा टैक्स वसूली पर रोक लगाने की मांग की है।

पार्षद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों के अनुसार आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और अनुसूचित क्षेत्रों के निवासियों को बुनियादी नागरिक सेवाओं में रियायत देने का प्रावधान है। इसके बावजूद नगर के वार्ड क्रमांक 02, 10, 20, 21, 22, 24 और 25, जो अनुसूचित बाहुल्य क्षेत्र हैं, वहां नियमित रूप से कचरा संग्रहण शुल्क वसूला जा रहा है।

उन्होंने इसे शासन की लोककल्याणकारी नीतियों के विपरीत बताते हुए कहा कि ऐसे क्षेत्रों के निवासियों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए यह वसूली उचित नहीं है। पार्षद ने नगर पालिका प्रशासन से आग्रह किया है कि उक्त वार्डों में कचरा टैक्स वसूली तत्काल प्रभाव से बंद की जाए और जरूरतमंद लोगों को राहत दी जाए।

इस मामले को लेकर नगर में चर्चा तेज हो गई है और अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस पर क्या निर्णय लेता है।

Related Articles

Back to top button