Chhattisgarh

कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम का एसईसीएल दौरा: सीईडबल्यूआरएल रेल कॉरिडोर का निरीक्षण, कार्य प्रगति की समीक्षा की

कोरबा, 04 अप्रैल । साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के दौरे के दूसरे दिन 04 अप्रैल 2026 शनिवार को कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईराम ने CEwRL (छत्तीसगढ़ ईस्ट वेस्ट रेल लिमिटेड) रेल कॉरिडोर के निर्माण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया और परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान SECL के सीएमडी श्री हरीश दुहन एवं निदेशक मंडल के सदस्य उनके साथ मौजूद रहे।

सुबह तड़के ही चेयरमैन श्री साईराम निरीक्षण के लिए निकले और निर्माणाधीन रेल कॉरिडोर के तीन प्रमुख स्थलों का दौरा किया। पहले चरण में उन्होंने जुनाडी कनेक्टिविटी यार्ड का निरीक्षण किया, जो इस परियोजना का अहम जंक्शन है। यहां दीपका, गेवरा और कुसमुंडा खदानों से आने वाली रेल लाइनों का विलय CEWRL कॉरिडोर से होगा। इस दौरान गेवरा खदान में निर्माणाधीन साइलो का भी अवलोकन किया गया, जिसे जल्द ही चालू करने की तैयारी है।

दूसरे चरण में चेयरमैन ने टेक-ऑफ यार्ड और दीपका माइंस की लोड लाइन का निरीक्षण किया। यहां IRCON (इंडियन रेलवे कंस्ट्रक्शन इंटरनेशनल लिमिटेड) के अधिकारियों ने जानकारी दी कि इन यार्ड्स का निर्माण जून 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। चेयरमैन महोदय ने तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

तीसरे चरण में उन्होंने ब्रिज नंबर-23 और सुराकछार लाइन के पास निरीक्षण किया, जहां CEWRL की लाइनें सुराकछार की लाइनों से जुड़ती हैं। इस स्थल पर रेल-ओवर-रेल ब्रिज और तीन रोड-ओवर-ब्रिज पहले ही निर्मित किए जा चुके हैं, जिनका चेयरमैन द्वारा अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के दौरान चेयरमैन श्री साईराम ने पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि एम्बैंकमेंट की ढलानों को टर्फिंग के माध्यम से हरा-भरा बनाया जाए, ताकि परियोजना का पर्यावरण के साथ बेहतर सामंजस्य स्थापित हो सके।

रेल कॉरिडोर निरीक्षण से पूर्व चेयरमैन, SECL सीएमडी एवं निदेशक मंडल द्वारा गेवरा हाउस में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया।

Related Articles

Back to top button